ट्विशा शर्मा केस: कोर्ट में आज CDR-CCTV पर सुनवाई; डिजिटल सबूतों को लेकर बहस, CBI जांच शुरू

Twisha Sharma Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज जिला अदालत में अहम सुनवाई होने जा रही है. मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आवेदन दाखिल किए गए हैं. यह साक्ष्य जांच की दिशा तय करने में बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. वहीं, मंगलवार से सीबीआई ने भी मामले की जांच औपचारिक रूप से शुरू कर दी है. अब जांच एजेंसी का मुख्य फोकस 12 मई की रात हुई घटना के क्रम को जोड़ने और आरोपी पक्ष से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच करने पर रहेगा.
आज कोर्ट में CDR और CCTV को लेकर सुनवाई
ट्विशा शर्मा मौत मामले में भोपाल जिला अदालत में आज महत्वपूर्ण सुनवाई होगी. मृतका के परिवार की ओर से वकील अंकुर पांडे ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) सुरक्षित रखने को लेकर आवेदन दायर किया है. वहीं, आरोपी पक्ष की ओर से सास गिरीबाला सिंह ने भी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग को लेकर अलग आवेदन पेश किया है. अदालत दोनों आवेदनों पर विस्तृत सुनवाई करेगी.
पुलिस रिपोर्ट पेश न कर सकी, कोर्ट ने दिया समय
इस मामले की सुनवाई सोमवार को होनी थी, लेकिन भोपाल पुलिस समय पर अपनी रिपोर्ट अदालत में पेश नहीं कर सकी. इसके बाद अदालत ने पुलिस को जरूरी दस्तावेज और रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है. अब आज सुनवाई के दौरान इन अहम साक्ष्यों पर निर्णय हो सकता है.

